न्यूयॉर्क टाइम्स ने फारस की खाड़ी में भी एक अमेरिकी लड़ाकू विमान क्रैश होने की खबर दी, जिसके पायलट को बचा लिया गया है। लेकिन ईरानी मीडिया ने दावा किया कि होर्मुज के पास इस ए-10 विमान को मार गिराया गया है।
पश्चिम एशिया में जारी युद्ध दूसरे महीने में पहुंच गया है और यह अधिक भीषण होता जा रहा है। अमेरिका-इजरायल के हमले में अपना करज-बी1 पुल तबाह होने के बाद बदले की आग में सुलग रहे ईरान ने शुक्रवार को अमेरिका का एक एफ-15ई लड़ाकू विमान मार गिराया और दूसरा अमेरिकी ए-10 विमान को मार गिराया।
इस विमान के एक पायलट को अमेरिका ने बचा लेने का दावा किया, लेकिन दूसरे पायलट के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। बाद में उसकी तलाश में लगे एक अमेरिकी ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर को भी ईरान ने मार गिराया और उसमें सवार लोगों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं है।
ईरानी सेना ने दावा किया है कि उसकी सेनाओं ने सफलतापूर्वक एक अमेरिकी ए-10 विमान को निशाना बनाकर मार गिराया है।
होर्मुज के पास इस ए-10 विमान को मार गिराया गया
न्यूयॉर्क टाइम्स ने फारस की खाड़ी में भी एक अमेरिकी लड़ाकू विमान क्रैश होने की खबर दी, जिसके पायलट को बचा लिया गया है। लेकिन ईरानी मीडिया ने दावा किया कि होर्मुज के पास इस ए-10 विमान को मार गिराया गया है।
ईरान ने साथ ही चेतावनी दी है कि वह क्षेत्र में अमेरिका के सहयोगी देशों में प्रमुख पुलों को निशाना बनाएगा। ईरान के मीडिया ने शुक्रवार को ऐसे पुलों की सूची भी प्रकाशित की।
अमेरिका ने ईरान के समक्ष 48 घंटे के युद्ध विराम का प्रस्ताव रखा था, जिसे उसने ठुकरा दिया
इसमें कुवैत और बहरीन का एक-एक पुल, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के दो और जार्डन के तीन पुल शामिल हैं। इस बीच सूत्रों ने बताया कि अमेरिका ने ईरान के समक्ष 48 घंटे के युद्ध विराम का प्रस्ताव रखा था, जिसे उसने ठुकरा दिया है।
ईरान ने होर्मुज की निगरानी के लिए ओमान के साथ मिलकर प्रस्ताव का मसौदा तैयार करने का दावा भी किया है। जबकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर दावा किया कि कुछ समय के भीतर अमेरिका होर्मुज स्ट्रेट खोलने में सफल हो सकता है।
न्यूयॉर्क टाइम्स ने अमेरिकी और इजरायली अधिकारियों के हवाले से बताया कि अमेरिकी सेना ने एफ-15ई विमान के दूसरे पायलट को ईरान से पहले तलाशने के लिए बड़ा अभियान शुरू कर दिया है।
इजरायल इसमें मदद कर रहा है। इस युद्ध में ईरानी क्षेत्र में किसी अमेरिकी लड़ाकू विमान के मार गिराए जाने का यह पहला ज्ञात मामला है और इससे तनाव बढ़ने की आशंका है। इससे पहले दो मार्च को कुवैत के ऊपर 'फ्रेंडली फायर' तीन एफ-15ई मार गिराए गए थे।
उस घटना में सभी छह पायलट सुरक्षित इजेक्ट करने में सफल रहे थे। ओपन सोर्स से प्राप्त तस्वीरों में ईरान के ऊपर अमेरिकी सैन्य विमान उड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिनमें ड्रोन, परिवहन हेलीकाप्टर और मालवाहक विमान शामिल हैं। यह इस बात का संकेत है कि वहां बचाव अभियान जोरों से चल रहा है।
एक अमेरिकी फाइटर पायलट ने बताया कि अमेरिकी सेना तब तक इस तरह का बचाव अभियान शुरू नहीं करती, जब तक पायलट से संपर्क स्थापित न हो जाए या फिर विमान की 'इजेक्शन सीट' से कोई सक्रिय संकेत (बीकन) न मिल जाए।
रॉयटर के अनुसार, अमेरिकी पायलट की तलाश के लिए ईरानी अधिकारियों ने अपने नागरिकों से मदद मांगी है। ईरान के पर्वतीय कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत के गवर्नर ने कहा कि जो कोई भी पायलट को पकड़ लेगा या मार देगा, उसे इनाम दिया जाएगा। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग कारों से उस इलाके में पायलट की तलाश करने के लिए पहुंच गए हैं। ईरान में अमेरिकी विमान के कथित मलबे का वीडियो काफी प्रसारित हो रहा है।
एपी के अनुसार, ईरान ने पूरे क्षेत्र में कई अन्य लक्ष्यों पर भी हमले किए, जिससे कुवैत की मीना अल-अहमदी तेल रिफाइनरी में आग लग गई। कुवैत ने यह भी बताया कि ईरान के एक हमले के कारण एक डिसेलिनेशन प्लांट को क्षति पहुंची है। इस तरह के संयंत्रों से खाड़ी देशों में पेयजल की आपूर्ति होती है। बहरीन में भी हमलों के प्रति चेताने वाले सायरन बजते सुने गए।
सऊदी अरब ने बताया कि उसने कई ईरानी ड्रोन नष्ट कर दिए हैं और इजरायल ने आने वाली मिसाइलों की सूचना दी। यूएई के अधिकारियों ने एक गैस क्षेत्र को बंद कर दिया, जब एक मिसाइल को इंटरसेप्ट करने के बाद उसका मलबा उस पर गिरकर आग लग गई।
ट्रंप का कहना है कि विमान गिराए जाने से ईरान वार्ता पटरी से नहीं उतरेगी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि ईरान के ऊपर अमेरिकी विमान के गिराए जाने से तेहरान के साथ चल रही बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा। हालांकि उन्होंने विमान के चालक दल की खोज और बचाव अभियान के बारे में कोई और जानकारी देने से इनकार कर दिया, लेकिन उन्होंने फिर से दोहराया कि यह युद्ध है और इसलिए इससे कुछ भी नहीं बदलेगा।
एनबीसी न्यूज़ को दिए एक साक्षात्कार में ट्रंप ने संवेदनशील बचाव अभियान की मीडिया कवरेज पर अपनी निराशा व्यक्त की। ईरान के साथ बातचीत पर संभावित प्रभावों के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, "नहीं, बिल्कुल नहीं। नहीं, यह युद्ध है। हम युद्ध में हैं।"
हूती का संयुक्त अभियान का दावा
एएनआइ के अनुसार, यमन के ईरान-समर्थित हूती विद्रोहियों ने शुक्रवार को ईरान और हिजबुल्लाह के साथ संयुक्त सैन्य अभियान चलाने का दावा किया, जिसमें इजरायल के जाफा इलाके को निशाना बनाते हुए बैलिस्टिक मिसाइलों की बौछार की गई। हाउती के सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने एक बयान में कहा कि इस हमले को इराक, ईरान, फलस्तीन और लेबनान में प्रतिरोधी और जेहाद मोर्चों का समर्थन प्राप्त था।
हिजबुल्लाह के विरुद्ध जमीनी हमले शुरू
तेहरान और ईरान के मध्यवर्ती शहर इस्फहान के आसपास भी हमलों की सूचना है। लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि इनके लक्ष्य क्या थे। लेबनान में इजरायल ने ईरान-समर्थित हिजबुल्लाह आतंकी समूह के साथ अपनी लड़ाई में जमीनी हमला शुरू किया है। बेरूत के पास शुक्रवार की नमाज के बाद लौट रहे नमाजियों पर एक इजरायीली ड्रोन हमले में दो लोगों की मौत हो गई।
लेबनान के विश्वविद्यालयों पर हमलों की चेतावनी
बेरूत में अमेरिकी दूतावास ने शुक्रवार को कहा कि ईरान और उससे जुड़े सशस्त्र समूह लेबनान के विश्वविद्यालयों को निशाना बना सकते हैं। एक चेतावनी में दूतावास ने अमेरिकी नागरिकों से आग्रह किया कि जब तक वाणिज्यिक उड़ानें उपलब्ध हैं, वे लेबनान से निकल जाएं।
ईरान के पूर्व राजनयिक ने युद्ध समाप्त करने के लिए शर्तें सुझाईं
ईरान के पूर्व शीर्ष राजनयिक ने एक प्रभावशाली अमेरिकी पत्रिका में युद्ध को समाप्त करने के लिए एक प्रस्ताव प्रकाशित किया है। ईरान के पूर्व विदेश मंत्री मोहम्मद जवाद जरीफ ने शुक्रवार को लिखा कि अब तकलीफों को खत्म करने का समय आ गया है। जरीफ पश्चिमी देशों के साथ बातचीत करने का लंबा अनुभव रखने वाले राजनयिक हैं और ईरान के नेतृत्व के व्यावहारिक खेमे के करीब माने जाते हैं।
यूक्रेन होर्मुज को फिर से खोलने में सहयोग को तैयार
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि यदि आमंत्रित किया जाता है, तो यूक्रेन समुद्री मार्गों की सुरक्षा में योगदान दे सकता है। उन्होंने इसके लिए लगातार रूसी हमलों के बावजूद काला सागर के शिपिंग मार्गों को खुला रखने से मिले अनुभव का हवाला दिया।
उधर, ट्रंप ने अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, ''थोड़ा और समय मिलने पर हम आसानी से होर्मुज स्ट्रेट को खोल सकते हैं, तेल हासिल कर सकते हैं और अकूत दौलत कमा सकते हैं। यह पूरी दुनिया के लिए एक 'खजाना' साबित होगा?''