भिलाई के युवा खिलाड़ियों के बीच पहुंचे भाजपा नेता कन्हैया सोनी, वॉलीबॉल प्रतिभाओं का बढ़ाया उत्साह; बोले- मेहनत और लगन से रोशन करें शहर का नाम
भिलाई। शहर में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवा खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के उद्देश्य से शांति नगर दशहरा मैदान में आयोजित वॉलीबॉल गतिविधि के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य (ओबीसी मोर्चा) कन्हैया सोनी भी शामिल हुए। उन्होंने भिलाई के प्रतिभाशाली वॉलीबॉल खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और खेल के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कन्हैया सोनी ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्ष करने की प्रेरणा भी देता है। खिलाड़ियों को पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि भिलाई में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यहां के युवा खिलाड़ी अपनी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों से कहा कि वे निरंतर अभ्यास करें, अपने खेल को बेहतर बनाएं और प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर भिलाई का नाम रोशन करें।
कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकगण, पालकगण और बच्चों का उत्साह भी देखते ही बन रहा था। खिलाड़ियों के प्रति सभी का सहयोग और प्रोत्साहन खेल के प्रति सकारात्मक वातावरण बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता नजर आया।
इस दौरान कन्हैया सोनी ने भिलाई की पूरी वॉलीबॉल टीम के सभी खिलाड़ियों को उनके उज्ज्वल भविष्य और बेहतर प्रदर्शन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी खिलाड़ी इसी तरह मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ते रहेंगे तथा अपनी उपलब्धियों से भिलाई को गौरवान्वित करेंगे।
उन्होंने कहा कि युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे इन खिलाड़ियों का उत्साह और समर्पण निश्चित रूप से अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।