स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप: भिलाई सेक्टर-7 में पीलिया का प्रकोप, 25 से ज्यादा बच्चे चपेट में, पाइपलाइन बदलने का काम शुरू
भिलाई। भिलाई के सेक्टर-7 इलाके में पीलिया का प्रकोप तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है, जिससे स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है। सेक्टर-7 के सड़क 37 और 38 के आसपास लगभग 145 मकानों में रहने वाले कई बच्चे पीलिया से संक्रमित पाए गए हैं। बच्चों के चेहरे और आंखों में पीलापन साफ दिखाई दे रहा है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शुक्रवार को प्रभावित क्षेत्र का सर्वे कर 15 नए मरीजों की पहचान की है। इनमें दो बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पहले से भर्ती दो मरीजों को छुट्टी दे दी गई है, जबकि फिलहाल चार बच्चों का इलाज जारी है। अब तक कुल 25 से ज्यादा बच्चे पीलिया की चपेट में आ चुके हैं।
जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे ने बताया कि टीम ने प्रभावित इलाके के 110 घरों का सर्वे किया और बच्चों व बड़ों की जांच की गई। तीन घरों से पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब भेजा गया है। इसके अलावा बीएसपी प्रबंधन और भिलाई निगम की टीम ने भी पानी के नमूने लिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि उबला हुआ पानी पिएं, बाहर का खाना न खाएं, साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें और लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल में जांच कराएं। प्रशासन का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है, लेकिन लगातार निगरानी की जा रही है।
गटर में डूबी पाइपलाइन बनी वजह, बदलने का काम शुरू
बीएसपी प्रबंधन ने इलाके में गटर में डूबी पाइपलाइन को बदलने का काम शुरू कर दिया है। मुख्य पाइपलाइन से लेकर घरों तक की पुरानी पाइपलाइन हटाकर नई लाइन डाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन में गंदा पानी मिलने की आशंका है, इसलिए पूरी लाइन बदली जा रही है।
जल संकट की स्थिति से बचने के लिए भिलाई निगम प्रशासन ने टैंकर से पीने के पानी की सप्लाई शुरू कर दी है।
डॉक्टरों ने बताए पीलिया के लक्षण
डॉक्टरों के अनुसार पीलिया गंदे पानी और दूषित भोजन से फैलने वाली बीमारी है, जिसके लक्षण 15 से 50 दिनों के बीच दिखाई देते हैं।
मुख्य लक्षण इस प्रकार हैं:
आंख और त्वचा पीली होना
पेशाब का रंग पीला होना
भूख कम लगना
उल्टी और कमजोरी
सिर दर्द
पेट के दाहिने हिस्से में दर्द
स्वास्थ्य टीम ने लोगों से सावधानी बरतने और साफ पानी का उपयोग करने की अपील की है।