सोने और चांदी की कीमतों में जारी गिरावट का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर कारोबार शुरू होते ही दोनों कीमती धातुओं में तेज गिरावट दर्ज की गई। बीते सप्ताह मामूली उछाल के बाद सोमवार की ओपनिंग में चांदी की कीमत में एक झटके में 8,857 रुपये प्रति किलोग्राम की भारी गिरावट देखी गई, जबकि सोना भी 1,700 रुपये प्रति 10 ग्राम से अधिक सस्ता हो गया।
MCX पर 5 मार्च एक्सपायरी वाली चांदी शुक्रवार को 2,44,360 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी, लेकिन सोमवार को यह गिरकर 2,35,503 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अगर चांदी के उच्चतम स्तर की बात करें, तो 29 जनवरी को चांदी ने पहली बार 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम का लाइफ टाइम हाई बनाया था। इस स्तर से अब तक चांदी 1,84,545 रुपये प्रति किलोग्राम तक सस्ती हो चुकी है। खास बात यह है कि यह भारी गिरावट महज 17 दिनों के भीतर दर्ज की गई है।
वहीं सोने की कीमत में भी सोमवार को तेज गिरावट दर्ज की गई। MCX पर 2 अप्रैल एक्सपायरी वाला सोना शुक्रवार को 1,55,895 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था, जो सोमवार को गिरकर 1,54,191 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। यानी सोना एक ही दिन में 1,704 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया।
सोने के उच्चतम स्तर की बात करें, तो 29 जनवरी को ही सोना 1,93,096 रुपये प्रति 10 ग्राम के लाइफ टाइम हाई पर पहुंचा था। इस स्तर से अब तक सोना 38,905 रुपये प्रति 10 ग्राम तक टूट चुका है।
विशेषज्ञों के अनुसार, हाल के दिनों में निवेशकों की मुनाफावसूली, वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव और डॉलर की मजबूती जैसे कारणों से सोने-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट देखने को मिल रही है। फिलहाल बाजार में अस्थिरता बनी हुई है और आने वाले दिनों में कीमतों में और उतार-चढ़ाव की संभावना जताई जा रही है।