ब्लड सैंपल हाथ में लेकर कैटवॉक! लैब में ‘रील का खेल’ पड़ा भारी, 3 महिला टेक्नीशियनों की नौकरी गई
दुर्ग। जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान ब्लड सैंपल और लैब उपकरणों के साथ रील बनाना तीन महिला टेक्नीशियनों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। जांच और जवाब-तलब की प्रक्रिया के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने तीनों महिला कर्मियों को सेवा से हटा दिया है।
मामला सामने आने के बाद जिला अस्पताल प्रबंधन में भी हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में तीनों महिला टेक्नीशियन लैब के अंदर अलग-अलग अंदाज में वीडियो बनाती नजर आ रही थीं। एक वीडियो में टेस्ट ट्यूब हाथ में लेकर कैटवॉक करते हुए दिखाई दे रही थीं, जबकि दूसरे वीडियो में लैब की चेयर पर बैठकर मस्ती करती नजर आईं।
ड्यूटी के दौरान रील बनाने पर उठे सवाल
जानकारी के मुताबिक, 24 अगस्त को तीनों महिला टेक्नीशियनों ने लैब के अंदर वीडियो बनाया था। वीडियो बनाने के करीब पांच दिन बाद यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठने लगे कि जिस समय कर्मचारियों को मरीजों के ब्लड सैंपल की जांच और लैब की जिम्मेदारियां संभालनी थीं, उस दौरान वे वीडियो बनाने में कैसे व्यस्त थीं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने अटल आरोग्य लैब के प्रभारी डॉ. जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। नोटिस में यह भी पूछा गया कि ड्यूटी के दौरान लैब में वीडियो कैसे बनाया गया और उस समय कर्मचारियों की क्या जिम्मेदारी थी।
लैब प्रभारी से मांगा गया जवाब
सिविल सर्जन के नोटिस के बाद लैब प्रभारी ने मामले की जानकारी और वीडियो में नजर आ रहे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए HLL लाइफकेयर लिमिटेड को पत्र लिखा। इसके बाद संबंधित स्तर पर मामले की जांच की गई।
जांच और जवाब-तलब की प्रक्रिया के बाद HLL लाइफकेयर लिमिटेड ने वीडियो में दिखाई दे रही तीनों महिला टेक्नीशियनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें सेवा से हटा दिया।
अब जांच के दायरे में लैब की व्यवस्था
मामले में विभाग यह भी पता लगाने में जुटा है कि वीडियो बनाए जाने के दौरान लैब की जांच व्यवस्था प्रभावित हुई थी या नहीं। खास तौर पर यह देखा जा रहा है कि उस समय मरीजों के सैंपल की जांच का काम नियमित रूप से चल रहा था या कर्मचारियों की रील बनाने की गतिविधि से किसी तरह की लापरवाही हुई।
स्वास्थ्य विभाग के लिए यह मामला इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि अटल आरोग्य लैब में मरीजों को जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे में ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों द्वारा सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना कार्यप्रणाली और मरीजों की जांच व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े करता है।
पहले भी जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद में रही लैब
अटल आरोग्य लैब इससे पहले जांच रिपोर्ट को लेकर भी विवादों में रही है। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की HIV जांच रिपोर्ट पहले पॉजिटिव आई थी। युवक और उसके परिजनों ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई।
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच कराने और उनका उचित तरीके से कैलिब्रेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
निशुल्क जांच की सुविधा के लिए शुरू हुई है योजना
बता दें कि छत्तीसगढ़ सरकार ने HLL लाइफकेयर लिमिटेड के सहयोग से प्रदेश के लोगों को उन्नत और निशुल्क स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल आरोग्य लैब योजना शुरू की है। जिला अस्पताल में संचालित इस तरह की लैब में मरीजों के विभिन्न प्रकार के सैंपल की जांच की जाती है।
ऐसे में ड्यूटी के दौरान लैब के अंदर रील बनाए जाने और उसके सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कार्रवाई ने कर्मचारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल तीन महिला टेक्नीशियनों को सेवा से हटाया जा चुका है और विभाग इस बात की भी पड़ताल कर रहा है कि इस घटना के दौरान मरीजों की जांच व्यवस्था पर कोई प्रतिकूल प्रभाव पड़ा था या नहीं।
देश और दुनिया की हर बड़ी खबर का तुरंत अपडेट पाने के लिए नोटिफिकेशन ऑन करें।