बीएसपी ऑफिसर्स एसोसिएशन तथा क्रीड़ा, सांस्कृतिक एवं नागरिक सुविधाएँ विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित डायरेक्टर इंचार्ज ट्रॉफी इंटर एलुमनी टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता (डीआईसी ट्रॉफी-2025) का फाइनल मुकाबला सेक्टर-01 क्रिकेट स्टेडियम में उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। फाइनल में कप्तान वेदप्रकाश तिवारी की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत एनआईटी रायपुर की टीम ने पूर्व चैम्पियन सिका को 5 विकेट से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भिलाई इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी चितरंजन महापात्रा थे, जबकि विशिष्ट अतिथियों में ईडी (एमएम) ए.के. चक्रवर्ती, ईडी (एफ एंड ए) प्रवीण निगम, ईडी (एचआर) पवन कुमार, ईडी (वर्क्स) राकेश कुमार, सीएमओ डॉ. उदय कुमार, सीजीएम रमेश गहरवार, तुषार कांत सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। ऑफिसर्स एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष नरेन्द्र कुमार बंछोर, महासचिव अंकुर मिश्रा, कोषाध्यक्ष सौभाग्य रंजन साहू सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
मुख्य अतिथि चितरंजन महापात्रा ने विजेता टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं टीम भावना, फिटनेस और आपसी समन्वय को बढ़ावा देती हैं, जो संयंत्र के समग्र विकास में सहायक हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
फाइनल मुकाबले में सिका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 3 विकेट पर 91 रन बनाए। सिका की ओर से कपिल नायडू ने 34 और गोवर्धन रात्रे ने 20 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। एनआईटी रायपुर के गेंदबाज सौरभ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
92 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एनआईटी रायपुर की शुरुआत धीमी रही, लेकिन कप्तान वेदप्रकाश तिवारी ने जिम्मेदारी संभालते हुए 33 रन की शानदार पारी खेली, जबकि तेजकरण ने 20 रन का योगदान दिया। एनआईटी रायपुर ने 13.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 96 रन बनाते हुए मैच जीत लिया और डीआईसी ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि ने विजेता एनआईटी रायपुर को ट्रॉफी तथा सिका को रनर-अप ट्रॉफी प्रदान की। वेदप्रकाश तिवारी को मैन ऑफ द मैच, जनमेश शुक्ला को बेस्ट फील्डर, संदीप चहल को बेस्ट बल्लेबाज तथा कपिल नायडू को बेस्ट बॉलर और मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
ऑफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव अंकुर मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में 17 शैक्षणिक संस्थानों की एलुमनी टीमों के कुल 272 खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का उद्घाटन 5 जनवरी 2026 को किया गया था।
कार्यक्रम का संचालन जितेंद्र मानिकपुरी ने किया, जबकि कमेंट्री अभय मोहरिल और स्कोरिंग विनोद देवघरे ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।