भिलाई स्टील प्लांट के SMS-3 में बड़ा हादसा, जेसीबी लोडर में लगी आग—चालक ने कूदकर बचाई जान
भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (SMS-3) में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया, जब एक जेसीबी लोडर में अचानक आग लग गई। घटना के बाद पूरे प्लांट क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। यह हादसा रात करीब 8 बजे का बताया जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, लोडर चालक स्लैग को थिम्बल के जरिए स्लैग यार्ड की ओर ले जा रहा था, तभी अचानक वाहन में आग लग गई। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए लोडर को सुरक्षित स्थान की ओर ले जाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और पूरी मशीन को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति बिगड़ते देख चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी कर्मचारी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों को तत्काल उस क्षेत्र से दूर कर दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। प्लांट प्रबंधन ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक जेसीबी लोडर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था।
आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर दो संभावनाएं जताई जा रही हैं। कुछ कर्मचारियों का मानना है कि इलेक्ट्रिक ट्रैक सिस्टम से स्लैग ले जाते समय या तो स्लैग छलक गया या ट्रैक पर गिरे हॉट मेटल के संपर्क में आने से आग भड़क गई। वहीं, एक अन्य संभावना यह भी जताई जा रही है कि ऐसे वाहनों में सुरक्षा के लिए पहियों में विशेष चेन लगाई जाती है, जो गर्म पदार्थ के प्रभाव से बचाव करती है। आशंका है कि इस बार यह सुरक्षा चेन नहीं लगी थी, जिससे आग तेजी से फैल गई।
प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।