भिलाई में चोरों का आतंक: एक ही रात में 4 जगह वारदात, वकील समेत कई लोग बने शिकार
भिलाई में चोरी की लगातार बढ़ती घटनाओं ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। 14 अप्रैल की रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चोरी की चार वारदातें सामने आईं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। जामुल, मोहन नगर और पद्मनाभपुर थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में चोरों ने बंद घरों, निर्माणाधीन मकानों और सड़क किनारे खड़े वाहनों को निशाना बनाया। पुलिस ने सभी मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सबसे पहला मामला जामुल थाना क्षेत्र के सेक्टर-07 भिलाई निवासी प्रेम प्रकाश यादव का है, जो जिला न्यायालय दुर्ग में वकील हैं। उनका कैलाश नगर एकता चौक के पास नया मकान निर्माणाधीन है। 12 अप्रैल की शाम काम खत्म होने के बाद स्टोर रूम में ताला लगाकर वे घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वे साइट पर पहुंचे तो ताला टूटा हुआ मिला और दीवार भी तोड़ी गई थी। अंदर रखा पानी का मोटर, केबल, लोहे काटने की मशीन सहित अन्य सामान गायब था। चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है।
दूसरी घटना भी जामुल थाना क्षेत्र के आम्रपाली फेस-2 हाउसिंग बोर्ड में हुई। यहां रहने वाले सिम्मु श्याम लाल अहिरवार 13 अप्रैल की शाम परिवार के साथ एक शादी समारोह में गए थे। देर रात करीब ढाई बजे जब वे लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था। अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और पूजा स्थल से सोने की चेन, बैग में रखे करीब 5500 रुपए नकद और एलसीडी टीवी चोरी हो चुका था। इस चोरी की कुल कीमत लगभग 55 हजार रुपए आंकी गई है। बताया जा रहा है कि उसी रात पास के दो और घरों में भी चोरी की कोशिश या वारदात हुई।
तीसरी घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के दीपक नगर की है, जहां ब्यूटी पार्लर संचालिका ज्योति आडिल की एक्टिवा स्कूटी चोरी हो गई। 11 अप्रैल की सुबह वे रोज की तरह स्कूटी से पार्लर पहुंचीं और उसे बाहर खड़ा कर दिया। शाम करीब 5 बजे जब वे बाहर आईं तो स्कूटी गायब थी। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। चोरी गई स्कूटी की कीमत करीब 26 हजार रुपए बताई गई है।
चौथी वारदात पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धनोरा में सामने आई। यहां रहने वाले कांशीराम देवांगन अपनी पत्नी के साथ 12 मार्च को पुणे गए हुए थे। 11 अप्रैल को घर में काम करने वाली महिला जब पहुंची तो उसने देखा कि दरवाजे की कुंडी टूटी हुई है। पड़ोसियों को बुलाकर अंदर देखने पर घर का सामान बिखरा मिला। सूचना मिलने पर कांशीराम 12 अप्रैल को लौटे और पाया कि अलमारी से चांदी की मूर्तियां, मोती की माला, करीब 1400 रुपए के सिक्के, एक घड़ी और लगभग 35 हजार रुपए नकद गायब हैं। कुल नुकसान करीब 50 हजार रुपए बताया गया है।
लगातार हो रही इन वारदातों से साफ है कि चोर अब सुनसान और बंद घरों के साथ-साथ निर्माण स्थलों और सार्वजनिक जगहों को भी निशाना बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी है और संदिग्धों की तलाश की जा रही है, लेकिन इन घटनाओं ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।